उत्तर प्रदेश

थाना बिसरख पुलिस ने की लूटकांड का पर्दाफाश, गिरोह के 9 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी हिरासत में

Published by धर्मेंद्र शर्मा

सेंट्रल नोएडा (धर्मेंद्र शर्मा);थाना बिसरख पुलिस ने एक बड़े लूटकांड का खुलासा करते हुए संगठित गिरोह के 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि 2 नाबालिगों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली, करीब 5 टन लोहे का माल, ₹70,000 नकद, 2 स्कॉर्पियो कारें, 1 ट्रक और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

घटना का विवरण:

दिनांक 11 जून 2025 को थाना बिसरख क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट ली थी, जिसमें ₹5 लाख मूल्य का लोहे का सामान भरा हुआ था। वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो स्कॉर्पियो गाड़ियों की पहचान की और लूट में शामिल गिरोह तक पहुंच बनाई।

गिरफ्तारी व बरामदगी:

गिरोह के 9 सदस्यों – तनु शर्मा, सिमरन, सोम सिंह, पंकज गुप्ता, मुकेश, हैप्पी, लक्की, अरुण और अंशू को थाना बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार किया। साथ ही 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। बरामद सामग्री में शामिल हैं:

  • लगभग 5 टन लोहा (सेफ एंड सैक्शन व फ्लैट्स)
  • लूटी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली (UP17AT3667)
  • ₹70,000 नकद
  • स्कॉर्पियो कारें (UP14EP2346 और UP16EN3767)
  • एक ट्रक (PB11DG9660)
  • एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस (.315 बोर)

साजिश का खुलासा:

पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी तनु शर्मा, जो कक्षा 12 तक पढ़ी है, अपने दिवंगत पिता द्वारा संचालित धर्मकांटे को संभाल रही थी। धर्मकांटे पर उसकी मुलाकात अभियुक्त मुकेश (ट्रक मालिक), अभियुक्त अभिषेक उर्फ केडी और सोम सिंह से हुई। इन लोगों ने लोहे से भरी ट्रॉली को लूटने की योजना बनाई।

11 जून की सुबह जब ट्रैक्टर लोहे से लदा गाजियाबाद से सूरजपुर की ओर जा रहा था, तो रास्ते में दो स्कॉर्पियो कारों में सवार आरोपियों ने उसे रोककर चालक को अगवा कर लिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने साथ ले गए। इसके बाद सादुल्लापुर सर्विस रोड पर माल को ट्रक में लोड कर दिया गया।

अभियुक्तों का आपराधिक रिकॉर्ड:

अभियुक्त सोम सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें SC/ST एक्ट व POCSO एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं।

अभियोग पंजीकरण:

थाना बिसरख पर मु0अ0सं0 419/2025 धारा 316(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तारी टीम:

इस सराहनीय कार्य में उ0नि0 ब्रजपाल सिंह और उ0नि0 सुशील कुमार सहित कुल 11 पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला आरक्षी अर्चना और शोभना पाल ने महिला अभियुक्तों की गिरफ्तारी में विशेष योगदान दिया।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस त्वरित और ठोस कार्रवाई से न केवल एक संगठित लूट गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना भी और सुदृढ़ हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *