अंतरंग उत्सव में बांधा समां, कला और संस्कृति की झलक से सजी शाम
Published by धर्मेंद्र शर्मा
नई दिल्ली :रविवार को इंडियन इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में “अंतरंग उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया, जिसने सांस्कृतिक प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह कार्यक्रम प्रभांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स और आईआईआईएसडीईएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अगुवाई जानी-मानी नृत्यांगना डॉ. प्रभा दुबे ने की, जो नोएडा सेक्टर-70 स्थित पैन ओएसिस की निवासी हैं।
कार्यक्रम में प्रभांजलि संस्थान की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शास्त्रीय नृत्य, भावनात्मक अभिव्यक्ति और ताल-लय की सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को सम्मोहित कर दिया। मंच पर जब छात्राएं उतरीं, तो ऐसा प्रतीत हुआ मानो कला स्वयं नृत्य कर रही हो।
इस अवसर पर देश की प्रख्यात नृत्यांगनाएं और पद्मश्री सम्मानित नलिनी और कमलिनी ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने नन्हें कलाकारों को पुरस्कृत किया और डॉ. प्रभा दुबे के प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के विधायक राजेन्द्र भारती, सामाजिक कार्यकर्ता गौरव गुप्ता सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की जमकर प्रशंसा की और डॉ. प्रभा दुबे को इस सुंदर पहल के लिए बधाई दी।



