उत्तर प्रदेश

प्रोमिनेंस वर्ल्ड स्कूल, ग्रेटर नोएडा का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न

Published by धर्मेंद्र शर्मा

ग्रेटर नोएडा (धर्मेंद्र शर्मा): ग्रेटर नोएडा स्थित प्रोमिनेंस वर्ल्ड स्कूल का भव्य उद्घाटन समारोह शनिवार को बड़े धूमधाम और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। शिक्षा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी उपस्थिति से इस ऐतिहासिक क्षण की शोभा बढ़ाई।

समारोह के मुख्य अतिथि सीटीईटी निदेशक श्री जितेन्द्र यादव और विशेष अतिथि लखनऊ विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉ. मोहन यादव रहे। विद्यालय का विधिवत उद्घाटन सुदिति ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन श्री सतीश कुमार, प्रिंसिपल श्री कमल कुमार, प्रोमिनेंस वर्ल्ड स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री मयंक कुमार, प्राचार्या डॉ. मृणालिनी सिंह और एडवाइजरी बोर्ड की सदस्य डॉ. ऋचा सूद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल ध्वज के भव्य एयर शो से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। नृत्य शिक्षिका सुश्री श्रेया गुप्ता ने सरस्वती वंदना के साथ मोहक कथक नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को संस्कृतिमय बना दिया।

मुख्य अतिथि श्री जितेन्द्र यादव ने अपने प्रेरणादायक भाषण में स्किल एजुकेशन और वोकेशनल ट्रेनिंग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने प्रोमिनेंस वर्ल्ड स्कूल को भविष्य की पीढ़ी के निर्माण में एक सशक्त भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं। चेयरमैन श्री सतीश कुमार और डॉ. ऋचा सूद ने भी शिक्षा में गुणवत्ता और नवाचार के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

प्राचार्या डॉ. मृणालिनी सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक दृष्टि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रोमिनेंस वर्ल्ड स्कूल शिक्षा, नवाचार और चरित्र निर्माण का आदर्श केंद्र बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को दोहराया।

समारोह में 80 से अधिक प्राचार्य, निदेशक, चेयरमैन और शिक्षाविदों ने भाग लेकर अपनी शुभकामनाएँ दीं। इस भव्य आयोजन ने शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी पहचान स्थापित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *