किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को शीघ्र समाधान करना सुनिश्चित करें सम्बंधित अधिकारी: अभिनव गोपाल
Published by धर्मेंद्र शर्मा
गाजियाबाद( दीपक मिश्रा ): जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें उप कृषि निदेशक, गाजियाबाद द्वारा गत किसान दिवस की शिकायतों की अनुपालन आख्या का विस्तृत ब्योरा समस्त कृषकों के सम्मुख पढ़कर सुनाया गया, जिसमें गत किसान दिवस की कुछ शिकायतों के निस्तारण पर कृषकों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया। कुछ शिकायतों के सम्बंध में संबंधित जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण अतिशीघ्र कर कृषक एवं उप कृषि निदेशक गाजियाबाद को आख्या उपलब्ध करायें।
सर्वप्रथम उप कृषि निदेशक गाजियाबाद द्वारा फार्मर रजिस्ट्री के सम्बंध में उपस्थित कृषकों से अपील की कि सभी कृषक फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करा लें। फार्मर रजिस्ट्री के लिए जनसुविधा केन्द्र पर अपना आधार कार्ड, खतौनी की नकल तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाईल नम्बर अवश्य ले जाएं। फार्मर रजिस्ट्री के लिए एक माह का समय शासन द्वारा निर्धारित किया गया है जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं होगी उनको आगामी पी०एम०किसान सम्मान निधि की किस्त प्राप्त नहीं होगी।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पशुओं की बीमारी से बचाव हेतु 31 अगस्त तक पशुओं में टीकाकरण का कार्य कराया जा रहा है सभी लोग अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करा लें टीकाकर्ता स्वरोजगार में चयनित गाँव का व्यक्ति होता है जिसको कोई मानदेय नहीं दिया जाता है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन,गाजियाबाद द्वारा खतौनी में कृषक अंश निर्धारण के सम्बंध में उपस्थित तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि जिन ग्रामों में अंश निर्धारण का प्रतिशत कम है उन गाँवों का चिन्हांकन कर जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर कैम्प का आयोजन कराकर अंश निर्धारण का कार्य पूर्ण किया जायें
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नहरों की सिल्ट सफाई को समय से पूर्ण करने के लिए अधिशासी अभियन्ता सिंचाई को निर्देशित किया गया है कि सिल्ट सफाई का कार्य हैड से टेल तक अवश्य कराया जाए जिसकी समीक्षा प्रत्येक दो सप्ताह बाद की जायेगी।
बैठक में जिला अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन एवं कृषक अरूण दहिया, प्रमोद कुमार त्यागी, राजेश चौधरी, सतेन्द्र तोमर आदि कृषकों द्वारा विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग, गन्ना विभाग, लोक निर्माण विभाग से सम्बंधित प्रार्थना पत्र दिये गये। बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, लोक निर्माण, सिंचाई के साथ-साथ अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
किसान दिवस में लगभग 100 कृषकों तथा सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।



