नोएडा थाना सेक्टर 58 : विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अब तक कर चुका लाखों की ठगी
Published by धर्मेंद्र शर्मा
नोएडा संवाददाता (प्रदीप मिश्रा):थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सोशल मीडिया पर मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने व विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रेम कुमार संदीप निवासी वसुंधरा, सेक्टर-4, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए खुद को किसी नामी समुद्री शिपिंग कंपनी का एजेंट बताता था। वह बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी और विदेश भेजने का लालच देकर नोएडा के आई-थम टावर बुलाता था। वहां वह उनसे पासपोर्ट, शैक्षणिक दस्तावेज और करीब 84 हजार रुपये की राशि वसूलता था।
आरोपी ने दिल्ली-एनसीआर के पांच सितारा होटलों में फर्जी इंटरव्यू और सेमिनार आयोजित कर सैकड़ों लोगों को गुमराह किया है। आरोपी मीटिंग के दौरान नकली ऑफर लेटर और फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर भरोसा जीतता था और बाद में संपर्क तोड़कर फरार हो जाता था।
एडीसीपी नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की धोखाधड़ी में संलिप्त था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे क्राइम ब्रांच की मदद से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। एडीसीपी ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के झांसे में न आएं और किसी भी नौकरी या विदेश भेजने के नाम पर रकम देने से पहले संबंधित थाने से पुष्टि जरूर करें।
पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।



