सेंट्रल नोएडा फेस3: मुठभेड़ में दबोचा अंतरराज्यीय टप्पेबाज, दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज,गोली लगने से हुआ घायल
Published by धर्मेंद्र शर्मा
नोएडा संवाददाता (धर्मेंद्र शर्मा)।
थाना फेस-3 पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अंतरराज्यीय टप्पेबाज को गिरफ्तार किया। बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। मौके से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और करीब 10 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को सेक्टर-61 कट के पास चेकिंग चल रही थी, तभी एक बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। युवक नहीं रुका और छठ पूजा रोड की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायर किया।
घायल बदमाश की पहचान शिवा उर्फ शिव कुमार उर्फ लखविंदर बावरिया निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और चोरी की बाइक बरामद हुई। साथ ही महिलाओं के जेवरात, जिनकी बाजार में कीमत 10 लाख से अधिक बताई जा रही है, भी बरामद हुए।
हवाई जहाज से करता था सफर, 5-स्टार होटलों में करता था चोरी
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी पेशेवर टप्पेबाज है, जो दिल्ली-एनसीआर के साथ ही गोवा, जयपुर, मनाली, मसूरी जैसे पर्यटन स्थलों पर जाकर वारदात करता था। यह व्यक्ति हवाई यात्रा कर 5-स्टार होटलों में ठहरता और वहां ठगी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पहले से दर्ज हैं 25 से ज्यादा मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें गैंगस्टर एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
फिलहाल घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों और नेटवर्क की जांच में जुट गई है।