उत्तर प्रदेश

वृंदावन में एआई से बनी प्रेमानंद महाराज की तस्वीर पर बवाल, संत समाज में आक्रोश

Published by धर्मेंद्र शर्मा

वृंदावन: प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वृंदावन में हड़कंप मच गया है। यह तस्वीर कथित रूप से अशोभनीय और आपत्तिजनक बताई जा रही है, जिसे लेकर संत समाज और अनुयायियों में जबरदस्त नाराजगी है।

इस मामले में प्रेमानंद महाराज के शिष्य गौतम चिलाना ने वृंदावन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी तहरीर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया।

पुलिस का बयान

वृंदावन थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि गौतम चिलाना की शिकायत पर आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आपत्तिजनक एआई तस्वीर किसने बनाई और उसे वायरल करने के पीछे कौन लोग हैं।

संत समाज की चेतावनी

इस घटना के विरोध में चतु संप्रदाय विरक्त वैष्णव परिषद के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को पंचकोसी परिक्रमा मार्ग स्थित गौतम ऋषि आश्रम में संत-महंतों की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष महंत सनतकुमार दास महाराज ने की। बैठक में संतों ने प्रेमानंद महाराज की छवि को ठेस पहुंचाने वाली इस हरकत की निंदा करते हुए एकजुट विरोध दर्ज किया।

संत समाज ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वृंदावन सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। फिलहाल पुलिस जांच तेज कर दी गई है और सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *