कानपुर से दिलदहला देने वाली खबर पिता ने कहा,जानवरों की तरह बेटी को पीटता था, दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। उसे मारकर लटकाया गया।
Published by धर्मेंद्र शर्मा
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बारासिरोही में शुक्रवार को महिला पूजा तिवारी का शव संदिग्ध हालात में फांसी पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। शनिवार को पति की गिरफ्तारी न होने पर गुस्साए परिजनों ने अशोक वाटिका चौराहा, केशवपुरम में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतका का मायका केशवपुरम में ही है। प्रदर्शन की सूचना पर रावतपुर, कल्याणपुर और अरमापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, मगर वे बिना पति की गिरफ्तारी शव उठाने से इनकार करते रहे। इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। मृतका के चाचा राहुल ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी। आक्रोशित परिजनों ने आवास विकास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
मृतका के पिता रामप्रसाद तिवारी, जो स्वरूप नगर थाने में होमगार्ड हैं, बिलखते हुए बोले – “जानवरों की तरह बेटी को पीटता था, दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। उसे मारकर लटकाया गया।” उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया था कि उसका पति हिमांशु ने उसे बुरी तरह पीटा। कुछ ही घंटे बाद उसका शव फांसी पर मिला।
एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सास, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पति हिमांशु की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
दहेज उत्पीड़न और हत्या के इस मामले ने इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना दिया है।



