गौतमबुद्ध नगर डीएम का बड़ा एक्शन – मनमानी करने वाले अफसरों पर गिरी गाज कटेगा वेतन, शिकायतों का अब होगा सही समाधान
Published by धर्मेंद्र शर्मा
नोएडा। अब आईजीआरएस पोर्टल पर खानापूर्ति कर मामले ठंडे बस्ते में डालने वाले अफसरों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। जिलाधिकारी नोएडा ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को विभागीय अधिकारियों की क्लास लगा दी। लंबे समय से शिकायतें उठ रही थीं कि कुछ अधिकारी मनमानी कर केवल “मन से आईजीआरएस” लगा देते थे, जिससे पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर हो जाता था और उसकी समस्या जस की तस बनी रहती थी।
डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर असंतुष्ट फीडबैक और डिफाल्टर श्रेणी की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अब शिकायतकर्ताओं से सीधे दूरभाष पर वार्ता कर उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा – “जनता की शिकायतों को हल्के में लेने का दौर अब खत्म। अफसर मनमानी करेंगे तो कुर्सी भी जा सकती है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई हो, ताकि आम जनता को न्याय के लिए चक्कर न काटने पड़ें।
इस कड़े रुख से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है। वर्षों से आईजीआरएस पर खानापूर्ति करने वाले अधिकारियों के माथे पर शिकन साफ देखी जा रही है।
अब देखना यह होगा कि डीएम के इस एक्शन के बाद वाकई पीड़ितों की समस्याओं का समाधान होगा या फिर अफसर पुराने ढर्रे पर लौटने की कोशिश करेंगे।



