प्रतापगढ़ में चोरी की अफवाह फैलाकर मारपीट – पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 06 आरोपी गिरफ्तार
Published by:ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

बेल्हा। जनपद प्रतापगढ़ में चोरी की झूठी अफवाह फैलाकर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना थाना कोतवाली देहात क्षेत्रांतर्गत घटी, जहाँ कुछ शरारती तत्वों ने अफवाह फैलाकर न केवल माहौल बिगाड़ने की कोशिश की बल्कि निर्दोष युवक के साथ हाथापाई भी की।
सूत्रों के अनुसार, दिनांक 23/24 सितम्बर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक को चोरी के शक में पकड़े जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने की घटना दिखाई दी। वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में दहशत और अफवाह का माहौल बन गया।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में थाना कोतवाली देहात व थाना जेठवारा पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित छापेमारी की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अफवाह फैलाने और मारपीट की घटना में शामिल 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना जेठवारा पुलिस द्वारा बताया गया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साथ ही जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर न फैलाएं।
एसपी दीपक भूकर ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों और समाज में भय व भ्रम का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की पुष्टि के लिए तुरंत पुलिस को सूचित करें।
👉 इस त्वरित कार्रवाई से जहां आम जनता ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है, वहीं इस घटना ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अफवाह फैलाना और कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है, जिसके खिलाफ जिला पुलिस किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरतेगी।