भ्रामक वीडियो वायरल करने वालों पर प्रतापगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई
Published by:ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

बेल्हा। जनपद प्रतापगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक व अफवाहपूर्ण वीडियो वायरल करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर के निर्देशन में विभिन्न थानों की साइबर एवं स्थानीय पुलिस टीम लगातार सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग कर रही है।
👉 फतनपुर प्रकरण
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X (ट्विटर) एवं विभिन्न WhatsApp/न्यूज़ ग्रुपों पर एक वीडियो फतनपुर क्षेत्र का बताकर वायरल किया गया था। पुलिस जांच में यह वीडियो प्रतापगढ़ का न होकर थाना पवारा, जनपद जौनपुर का पाया गया।
इस भ्रामक वीडियो को बिना सत्यापन साझा करने के मामले में थाना फतनपुर पर मु0अ0सं0 210/25, धारा 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
👉 जेठवारा प्रकरण
इसी प्रकार 23/24 सितम्बर 2025 को थाना जेठवारा क्षेत्र से संबंधित एक अन्य वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में काले कपड़े पहने कुछ लोगों को दिखाकर यह अफवाह फैलाई गई कि वे ट्रांसफार्मर क्षेत्र पर हमला या नुकसान पहुँचा सकते हैं।
जाँच में यह वीडियो पूरी तरह भ्रामक पाया गया। मामले में थाना जेठवारा पर मु0अ0सं0 217/25, धारा 353(2)/351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर कार्यवाही की जा रही है।
👉 पुलिस की अपील
प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि—
किसी भी भ्रामक, अपुष्ट या अफवाह फैलाने वाले वीडियो/संदेश को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज में भय व भ्रम फैलाती हैं और साथ ही यह कानूनी अपराध भी हैं।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने, CUG नंबर या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें।
प्रतापगढ़ पुलिस का संदेश स्पष्ट है—
👉 “झूठी खबर फैलाना अपराध है। आपकी जागरूकता और जिम्मेदारी ही समाज में शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रख सकती है।”



