सम्राट मिहिर भोज जयंती पर गुर्जर गौरव यात्रा पर रोक, आयोजक अड़े – पुलिस-प्रशासन अलर्ट
Published by चमन सिंह
मेरठ/मवाना। सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर मंगलवार को प्रस्तावित गुर्जर गौरव यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस-प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। बावजूद इसके आयोजक यात्रा निकालने की जिद पर अड़े हैं। हालात को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है और खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है।
यात्रा के मुख्य आयोजक व सपा नेता आकाश गुर्जर की तलाश पुलिस कर रही है। वहीं, पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सपा नेता मुखिया गुर्जर को सोमवार को परीक्षितगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत मिल गई।
दो दिन पहले आकाश गुर्जर ने एसडीएम मवाना को पत्र देकर बड़ा महादेव मंदिर से तहसील तिराहा स्थित मिहिर भोज की मूर्ति तक यात्रा और माल्यार्पण की अनुमति मांगी थी। लेकिन प्रशासन ने साफ किया कि यात्रा के लिए किसी को अनुमति नहीं दी गई। एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह ने कहा कि बिना अनुमति यात्रा निकाली गई तो सख्त कार्रवाई होगी। वहीं सीओ मवाना संजय कुमार जायसवाल ने भी यही चेतावनी दोहराई।
पुलिस का दावा है कि मुखिया गुर्जर को दौराला क्षेत्र में जनसभा का प्रचार करते समय पकड़ा गया। मेडिकल और औपचारिक कार्रवाई के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और जमानत पर रिहाई मिल गई। गिरफ्तारी के बाद मुखिया गुर्जर ने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार गुर्जर समाज की आवाज दबा रही है और यात्रा नहीं निकलने दे रही है। उन्होंने मंगलवार को मेरठ कमिश्नरी पर सभा करने का ऐलान किया।



