प्रतापगढ़: बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलटा टेंपो, तीन यात्री गंभीर रूप से घायल
ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
प्रतापगढ़।जामताली नगर कोतवाली क्षेत्र के श्रमजीतपुर निवासी सुरेश शनिवार शाम टेंपो पर सवारियां लेकर प्रतापगढ़ से जामताली जा रहे थे। प्रतापगढ़-जामताली रोड पर स्थित जीआईसी कॉलेज, चंडी गोविंदपुर के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया।
अचानक हुए इस हादसे में टेंपो पर बैठे यात्री फंस गए और चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को टेंपो से बाहर निकाला। हादसे में टेंपो चालक सुरेश (40 वर्ष), यात्री प्रमोद (20 वर्ष) और अंशुज (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहगीरों ने घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतापगढ़-जामताली मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।



