थाना लीलापुर पुलिस की तत्परता से बची व्यक्ति की जान, मिली सराहना
ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता के लिए चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में थाना लीलापुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दिनांक 22 अगस्त 2025 को थाना लीलापुर क्षेत्र के ग्राम सभा खरगपुर के सामने रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर अचानक उमेश चंद्र पांडे पुत्र रामचंद्र पांडे, निवासी पांचो सिद्ध बनवीर कांछ, थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़ को हार्ट अटैक आ गया। वे अचानक रोड पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही लीलापुर पुलिस ने बिना देर किए सक्रियता दिखाई और तत्काल मौके पर पहुंचकर 102 नंबर एम्बुलेंस की मदद से पीड़ित को जिला चिकित्सालय, प्रतापगढ़ पहुंचाया। डॉक्टरों ने समय पर इलाज शुरू कर दिया और वर्तमान में उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
थाना लीलापुर पुलिस की इस त्वरित एवं मानवीय कार्यवाही से पीड़ित की जान बचाई जा सकी। इस संवेदनशील कार्य के लिए आमजन ने पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।



