उत्तर प्रदेश

प्राथमिक विद्यालय बेहदौल खुर्द में निकाली गई जागरूकता रैली, बच्चों को किया गया प्रेरित

गौरा/बीरापुर,ब्यूरो चीफ: दीपांशु तिवारी

गौरा। शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी श्री अमित दुबे के निर्देशन में कंपोजिट विद्यालय बेहदौल खुर्द (गौरा) में “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना, संचारी रोगों की जानकारी देना और स्वच्छता के प्रति सतर्कता बढ़ाना रहा।

रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक व स्थानीय लोग भी शामिल हुए। रैली के दौरान बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी नारे लगाते हुए आसपास के गांवों में भ्रमण किया। बच्चों और शिक्षकों की टोली ने घर-घर जाकर लोगों को बच्चों को विद्यालय भेजने की प्रेरणा दी और संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री आशुतोष सिंह के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर शिक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि विद्यालयों द्वारा समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें और साथ ही उन्हें स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि विशेषकर मानसून के मौसम में संचारी रोगों का खतरा अधिक रहता है, ऐसे में लोगों को साफ-सफाई रखने और समय-समय पर उचित दवाओं के छिड़काव हेतु प्रेरित करना जरूरी है।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, ग्रामवासी एवं बच्चों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण होता दिखाई दिया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के अभियान समय-समय पर आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *