सोनम जैसा कांड : पति बना रुकावट तो प्रेम में अंधी पत्नी ने देवर संग रच डाली हत्या की साजिश, 24 घंटे में दोनों गिरफ्तार
रिपोर्ट दीपक शर्मा
अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गंगीरी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हिमाचल में 18 जून की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने ही देवर के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और उसे गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और प्रेमी देवर को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय ऋषि यादव, पुत्र दंगल सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था और अक्सर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे शहरों में गाड़ी लेकर जाता था। मृतक के भाई राहुल कुमार ने 19 जून को थाना गंगीरी में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके बाद जांच में जो सच सामने आया, वह चौंकाने वाला था।
कैसे पनपा अवैध रिश्ता
पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी ललिता यादव ने बताया कि चार साल पहले उसकी शादी ऋषि से हुई थी। पति के लंबे समय तक घर से बाहर रहने के कारण ललिता अक्सर अपनी सगी बुआ के घर जाया करती थी, जिनकी शादी मृतक के चाचा से हुई थी। वहीं उसकी मुलाकात बुआ के अविवाहित बेटे नीरेश से हुई और जल्द ही दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए।
ललिता अपने प्रेमी नीरेश के साथ रहना चाहती थी। उसने कई बार कहा कि पति को रास्ते से हटा दिया जाए। 17-18 जून की रात को जब पति ने अवैध संबंधों को लेकर विवाद किया और मारपीट की, तो ललिता ने इसे मौके के रूप में देखा और नीरेश से कहा, “आज ऋषि को खत्म कर दो।”
साजिश से हत्या तक
रात को नीरेश घर से निकला और गली में ऋषि को गोली मार दी। वारदात के बाद वह ललिता को बताने पहुंचा कि ऋषि को मार दिया गया है। ललिता ने यह बात छुपाए रखी और किसी को नहीं बताया।
गंगीरी पुलिस ने 20 जून की रात 1:45 बजे नौगवां चौराहे से ललिता और नीरेश को गिरफ्तार कर लिया। नीरेश की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खाली कारतूस भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या और षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा और आक्रोश का विषय बनी हुई है।



