उत्तर प्रदेश

गोरखपुर में प्रेम संबंध की खौफनाक सजा, युवक का गुप्तांग काटने की कोशिश

Published by धर्मेंद्र शर्मा

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार रात गांव की एक युवती से मिलने पहुंचे 25 वर्षीय युवक के साथ उसके प्रेम संबंधों का ऐसा खौफनाक अंजाम हुआ, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। युवती के परिजनों ने युवक को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया और सजा के तौर पर उसका गुप्तांग काटने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक को तुरंत मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक का गुप्तांग एक चौथाई तक कट गया है, लेकिन उसकी हालत अब स्थिर है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक और युवती का प्रेम संबंध पिछले पांच वर्षों से चल रहा था। युवक अक्सर चुपके से युवती से मिलने उसके घर जाया करता था। इस बात की भनक जब युवती के परिजनों को लगी, तो उन्होंने पहले युवक को समझाने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं माना, तो युवती का भाई उसे सबक सिखाने की योजना बनाने लगा।

आरोप है कि मंगलवार को युवती ने घरवालों के कहने पर युवक को मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही युवक घर पहुंचा और दोनों आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी युवती के परिजन वहां आ धमके। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और सेविंग ब्लेड से उसका गुप्तांग काटने का प्रयास किया।

घायल युवक का कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी और खुद युवती ने उसे फोन कर बुलाया था। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि युवती ने ही गुप्तांग काटने की कोशिश की। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

गुलरिहा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक के बयान दर्ज किए गए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *