बाबा साहब के नाम पर चलेगा जीरो पॉवर्टी कार्यक्रम, सीएम योगी ने की घोषणा
Published by धर्मेंद्र शर्मा
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती पर आयोजित आंबेडकर महासभा के कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार का जीरो पॉवर्टी कार्यक्रम अब बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम को इसी महीने और विस्तार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जो जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 14 से 15 लाख जरूरतमंद परिवारों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऐसे 20-25 परिवार चिह्नित किए जाएंगे, जिन्हें अब तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिला है। डबल इंजन की सरकार उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएगी।
बाबा साहब का विजन, आज की योजनाओं में साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का नाम बाबा साहब के नाम पर इसलिए रखा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने ही देश को शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने का दर्शन दिया। दलितों, वंचितों और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने की दिशा में उनका योगदान अविस्मरणीय है। सीएम ने कहा, “बाबा साहब के सपनों को साकार करना ही हमारे लिए सच्ची श्रद्धांजलि है।”
संविधान सबको जोड़ने की ताकत रखता है
सीएम योगी ने भारतीय संविधान की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि यह दस्तावेज हर नागरिक को जोड़ने और सशक्त बनाने की क्षमता रखता है। उन्होंने बताया कि बीते आठ वर्षों में सरकार ने मुसहर, थारू, वनटांगिया, कोल, बुक्सा, चेरो, गोड़ और सहरिया जैसी जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ने और योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही असली सामाजिक न्याय है। बाबा साहब के सिद्धांतों पर चलते हुए सरकार हर जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए प्रतिबद्ध है।



