सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को मिला पांच लाख रुपये की सहायता, डीएम-एसपी ने दिलाया न्याय का भरोसा
Published by pradeep mishra

आगरा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा पीड़िता के घर पहुंचे और उसे पांच लाख रुपये की सहायता का चेक सौंपा। इस दौरान अधिकारियों ने पीड़िता और उसके परिवार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
गौरतलब है कि 10 अप्रैल को किशोरी को आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया था। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं इसकी जानकारी ली और पीड़िता को तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
डीएम मेधा रूपम ने कहा कि पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाएगा। अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद पीड़िता को दी गई है।
परिवार को सुरक्षा, घर पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पीड़िता और उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी गई है ताकि कोई भी उन्हें भयभीत न कर सके। इसके अलावा पीड़िता के घर पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
झाल के पुल और नहर पर नहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हजारा नहर पर बना झाल का पुल अपनी खूबसूरती के चलते लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शहर के लोग और युवा सैर-सपाटे के लिए यहां आते हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इसके चलते अराजक तत्वों द्वारा छेड़खानी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की घटनाएं सामने आती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल और नहर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।