नोएडा में 08 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन, पुलिस की उपलब्धियां की गई प्रदर्शित
रिपोर्ट :धर्मेंद्र शर्मा

नोएडा (धर्मेंद्र शर्मा)— उत्तर प्रदेश सरकार के गौरवमय 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा नोएडा हॉट में “08 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री बृजेश सिंह ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का एक विशेष स्टॉल भी लगाया गया, जिसमें पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जनता के हित में किए गए सराहनीय कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने अपराध नियंत्रण में सराहनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2017 की तुलना में वर्ष 2024 में विभिन्न अपराधों में बड़ी कमी आई है:
- लूट के मामले: 2017 में 194 मामले, 2024 में घटकर 11 (कमी 94.4%)
- गृहभेदन: 2017 में 189 मामले, 2024 में 54 (कमी 71.43%)
- वाहन चोरी: 2017 में 2335 मामले, 2024 में 1165 (कमी 50.11%)
- हत्या: 2017 में 93 मामले, 2024 में 59 (कमी 36.56%)
- बलवा: 2017 में 193 मामले, 2024 में 66 (कमी 65.81%)
- दुष्कर्म: 2017 में 56 मामले, 2024 में 16 (कमी 71.43%)
महिला सुरक्षा में सुधार
उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए कई पहल की हैं:
- महिला बीट पुलिसिंग: 140
- एंटी रोमियो टीम: 27
- महिला हेल्प डेस्क: 27
- स्वयं सिद्धा वाहन: 100
- पिंक बूथ: 13 (निकट भविष्य में 10 और प्रस्तावित)
साइबर अपराध नियंत्रण
डिजिटल युग में साइबर अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने हर थाने पर साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना की है। आम जनता को साइबर अपराधों से बचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, कॉरपोरेट कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
यातायात प्रबंधन में सुधार
नोएडा में सेक्टर-94 में आईटीएमएस केंद्र की स्थापना की गई है, जो यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करता है। ई-चालान के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
भवन निर्माण और नए वाहन
वर्ष 2017 से 2024 के बीच 05 नए थानों, हॉस्टल, पुलिस लाइन और महिला पुलिसकर्मियों के लिए बैरक का निर्माण किया गया। 450 नए वाहन (139 छोटे वाहन, 07 बड़े वाहन, 304 दुपहिया) त्वरित सहायता के लिए जोड़े गए हैं।
पुलिस स्टॉल को मिली सराहना
प्रदर्शनी में यातायात, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस की उपलब्धियों की सराहना की। मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट जनों ने पुलिस विभाग के प्रयासों को सराहा।