उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले: 2014 से पहले देश पहचान और विश्वास के संकट से जूझ रहा था

Published by धर्मेंद्र शर्मा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत दुनिया में अपनी पहचान और विश्वास के संकट से जूझ रहा था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई पहचान बना ली है।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा, “2014 के पहले देश के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। दुनिया और देश के भीतर विश्वास का अभाव था। यह अस्थिरता का जो दौर था, उसका सबसे अधिक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा। हमारी अर्थव्यवस्था उस समय इतनी कमजोर थी कि उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।”

उन्होंने कहा कि लगातार राजनीतिक अस्थिरता और नीतिगत भ्रम के चलते भारत वैश्विक मंच पर कमजोर नजर आता था। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है। मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा, “आज भारत दुनिया के सामने अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। आर्थिक मोर्चे पर भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक शक्ति के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शिता के कारण संभव हो पाया है।”

“एक राष्ट्र, एक चुनाव” अभियान के संदर्भ में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में निरंतर चुनावी प्रक्रिया के चलते विकास कार्य बाधित होते हैं। उन्होंने इसे समय और संसाधनों की बर्बादी बताते हुए कहा कि अगर देश में एक साथ चुनाव होंगे तो न सिर्फ खर्च में कमी आएगी बल्कि विकास कार्यों में भी गति आएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश को एकजुट करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए एक साथ चुनाव जरूरी हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें और देश को नई दिशा देने के इस प्रयास में सहभागी बनें।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री के संबोधन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *