उत्तर प्रदेश

यूपी: गड़बड़ाया एयर इंडिया के विमानों का संचालन, मुंबई से आने वाली फ्लाइट अचानक कैंसिल; रद्द हुए 125 टिकट

ब्यूरो रिपोर्ट

लखनऊ। अहमदाबाद में हाल ही में हुई एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद एयरलाइनों के संचालन पर व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार रात मुंबई से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2491 को अचानक रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों में नाराजगी फैल गई। सोशल मीडिया पर यात्रियों ने तकनीकी खराबी की आशंका जताई, लेकिन एयर इंडिया के प्रवक्ता ने दिल्ली में खराब मौसम और परिचालन कारणों को जिम्मेदार ठहराया।

उसी दिन लखनऊ से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-6968 भी रद्द कर दी गई। इसके अलावा, एयर इंडिया की कई उड़ानें घंटों की देरी का शिकार रहीं। लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता रूट की उड़ानों पर खासा असर पड़ा।

एयर इंडिया की फ्लाइट्स में देरी

एयर इंडिया की लखनऊ से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-2478 सवा घंटे, AI-2461 डेढ़ घंटे और AI-811 दिल्ली से लखनऊ आने में एक घंटे देरी से पहुंचीं। इंडिगो की 6E-2151 भी 35 मिनट लेट रही। लखनऊ से मुंबई जाने वाली AI-2492 बुधवार को एक घंटे विलंबित रही। कोलकाता से लखनऊ आने वाली इंडिगो की 6E-856 आधे घंटे से अधिक देरी से पहुंची।

युद्ध का असर: 125 यात्रियों ने टिकट रद्द किए

वहीं, ईरान और इज़राइल के बीच जारी तनाव का असर भी हवाई सेवाओं पर दिखने लगा है। लखनऊ से यूरोपीय और खाड़ी देशों की उड़ानों के यात्री लगातार टिकट रद्द करा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में 125 से अधिक यात्री टिकट निरस्त करा चुके हैं। पहले भारत-पाकिस्तान और अब ईरान-इज़राइल युद्ध के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। खाड़ी देशों के लिए उड़ानों को रूट बदलना पड़ रहा है जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।

एयरवॉक ट्रैवेल एजेंसी के आतिफ ने बताया कि लखनऊ से ईरान की उड़ानों में अच्छी संख्या में यात्री रहते थे, लेकिन वर्तमान में यह सेवाएं बंद हो चुकी हैं। लखनऊ से दिल्ली के जरिए ब्रिटेन, फ्रांस, स्विट्जरलैंड जैसे देशों के लिए उड़ानें हैं। गर्मियों की छुट्टियों में इन रूट्स पर बुकिंग बढ़ जाती है, लेकिन मौजूदा हालातों के चलते लोग यात्रा से बच रहे हैं।

सना टूर एंड ट्रैवेल्स के अकबर का कहना है कि अधिकांश यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट्स से यूरोप और मिडिल ईस्ट की यात्रा करते हैं। मध्य पूर्व में तनाव अगर यूं ही बना रहा तो इसका असर न केवल एयरलाइनों पर बल्कि पूरे पर्यटन उद्योग पर पड़ेगा।

एयरलाइन और पर्यटन उद्योग पर संकट

फ्लाइट्स की अनिश्चितता और रूट बदलाव के चलते न केवल एयरलाइंस बल्कि ट्रैवेल एजेंसियों को भी बुकिंग कैंसिलेशन का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों के वेडिंग और वेकेशन सीजन में ट्रैवेल इंडस्ट्री पर मंडरा रहा यह संकट लंबे समय तक नुकसान पहुंचा सकता है।

हालात पर नजर बनाए हुए एयरपोर्ट प्रशासन और ट्रैवेल एजेंसियां यात्रियों से धैर्य और सतर्कता बरतने की अपील कर रही हैं। वहीं, एयरलाइनों ने स्थिति सामान्य होने पर सेवाएं बहाल करने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *