14th January 2025

उत्तर प्रदेश

चहुंओर राम नाम की धुन, आज घर-घर जलेंगे दीप; अयोध्या के उत्सव का नोएडा में उल्लास

ब्यूरो रिपोर्ट

नोएडा : अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव पर पूरा नोएडा राममय हो गया है। आज हर घर में राम नाम के दीप जलेंगे। ऐसा पहली बार होगा कि ढाई महीने के भीतर दूसरी बार दिवाली मनेगी। प्राण प्रतिष्ठा के मौके को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर ने जी-जान से तैयारी की है।

शहर के प्रत्येक मंदिर को रंगीन लाइटों व फूलों से सजाया गया है। मंदिरों में आज विशेष आयोजन होंगे। मुख्य यजमानों को दायित्व सौंपे गए हैं। उनको पूरा करने के लिए पूरा मंदिर प्रशासन जुटा हुआ है। सुबह से ही दर्शन और पूजन शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान शहर के मंदिरों में विशेष अनुष्ठान होंगे।

शहर के लोगों ने रामलला के आगमन को और भव्य बनाने के लिए घरों को लाइटों से सजाया है। हर घर में दीप जलेंगे। घरों के बालकनी पर रामनाम का झंडा पहले से ही लहरा रहा है। सोसाइटियों में लोगों ने राम के चित्र लगाए हैं। कहीं बड़े आकार का झंडा लहरा रहा है तो कहीं राम के कटआउट्स खड़े हैं। कई स्थानों पर राम मंदिर के मॉडल लगाए गए हैं। मंदिरों, सेक्टरों, घरों, मॉल और अन्य स्थानों पर लोग 1100, 2100, 3100 और 5100 दीप जलाकर उत्सव मनाएंगे।

कई स्थानों पर सामूहिक स्तर पर दीप जलाने की योजना है। सोमवार की शाम शहर के सरकारी दफ्तर, मुख्य मार्ग, बड़े पार्क और सोसाइटियां रंगीन रोशनी से सराबोर होंगी। हर सड़क, हर गली रोशन होगी। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन होगा। लोग राम के नाम पर कंबल और भोजन आदि दान करने के लिए आगे आ रहे हैं।  ग्रेटर नोएडा से लेकर दादरी और दनकौर ते सब जगह राम नाम की धूम है।

प्राण प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा
शहर के लोगों को अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम समेत कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण किया जाएगा। यहां लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों पर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इसकी व्यवस्था की गई है।

फूलों व रंगों से बनेगी रंगोली
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सेक्टर-29 स्थित गंगा शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स में दीप जलाए जाएंगे। महिला विंग की ओर से शाम चार बजे फूलों व रंगों से रंगोली बनाई जाएगी। वहीं, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर को 500 किलो फूलों से सजाया जा रहा है। दोपहर 12 बजे सेक्टर में राम बारात निकलेगी। इसके बाद मंदिर में भजन कीर्तन होगा। शाम को 2100 दीप जलाएंगे। लाल मंदिर और सेक्टर- 14 ए स्थित शनि मंदिर में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close