नोएडा ब्रेकिंग न्यूज़: फेज 3 थाना प्रभारी ने मसाज पार्लर के नाम पर ठगी करने वाले रैकेट का किया भंडाफोड़
Published by धर्मेंद्र शर्मा
सेंट्रल नोएडा ( धर्मेंद्र शर्मा): सेंट्रल नोएडा पुलिस ने पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में एक बड़े ठगी रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-3 पुलिस ने मसाज पार्लर के नाम पर लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने वाले गिरोह का खुलासा किया। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों—शिवम, रोहित और राजन उर्फ राजू—को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक युवती अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह रैकेट पिछले एक साल से सक्रिय था और ऑनलाइन जस्ट डायल ऐप के जरिए सेक्टर 70 में “रॉयल मसाज थेरेपी” के नाम से संचालित हो रहा था। गैंग ग्राहकों को मसाज के लिए बुकिंग करने के लिए लुभाता था। इसके बाद, सत्र के दौरान चुपके से वीडियो या फोटो बनाए जाते थे।
इन सामग्रियों का इस्तेमाल कर गैंग ग्राहकों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर डराता था और 15,000 से 20,000 रुपये ऑनलाइन या नकद वसूलता था।सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति अवस्थी ने बताया कि यह गिरोह अब तक 50 से अधिक ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उन्होंने कहा, “यह एक सुनियोजित आपराधिक साजिश थी। आरोपी जस्ट डायल ऐप का इस्तेमाल अपनी गतिविधियों को वैध दिखाने के लिए करते थे, लेकिन उनका मकसद केवल ठगी और ब्लैकमेलिंग था।
“पुलिस ने छापेमारी के दौरान पांच मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल किए गए वीडियो और फोटो जैसे सबूत शामिल हैं। अब पुलिस जस्ट डायल ऐप की भी जांच करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि
इस प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कैसे हुआ।
फरार युवती की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।सीपी लक्ष्मी सिंह ने कहा, “हम नोएडा में संगठित अपराध को बर्दाश्त नहीं करेंगे। तकनीक का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
थाना फेस-3 पुलिस आगे की जांच में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और पीड़ितों का पता लगाने में जुटी है।नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
शक्ति अवस्थी (डीसीपी, सेंट्रल नोएडा) ने कहा : “हमने एक खतरनाक ठगी रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जो मासूम लोगों को निशाना बनाता था। जांच जारी है और सभी पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।



