उत्तर प्रदेश

गौड़ चौक अंडरपास हादसा: डुकाटी स्पोर्ट्स बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने का वीडियो वायरल, दो की मौत के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई

Published by धर्मेंद्र शर्मा

सेंट्रल नोएडा (धर्मेंद्र शर्मा):ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास में तेज रफ्तार डुकाटी स्क्रैम्बलर स्पोर्ट्स बाइक के गिरने की घटना का चौंकाने वाला वीडियो गुरुवार को सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बाइक ने पहले ट्रैफिक पुलिस के बैरिकेड को जबरदस्त टक्कर मारी, फिर निर्माणाधीन अंडरपास में गिर गई। हादसे में प्रयागराज निवासी अंकुर सिंह और मेजा की रहने वाली युवती कशिश की दर्दनाक मौत हो गई।

रात 1:56 बजे हुआ हादसा, बाइक की रफ्तार 100 किमी/घंटा से ज्यादा

वीडियो फुटेज के अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 1:56 बजे हुआ। बाइक की स्पीड इतनी तेज थी कि ट्रैफिक बैरिकेड से टकराने के बाद वह लगभग 10 फीट दूर जा गिरी। निर्माणाधीन अंडरपास में गिरते समय बाइक से चिंगारियां भी निकलती नजर आईं। विशेषज्ञों का कहना है कि बाइक की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक रही होगी, जबकि उस स्थान पर अधिकतम गति सीमा 40 किमी/घंटा तय है।

हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस ने लगाए रिफ्लेक्टर टेप

घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस और प्राधिकरण ने फौरन कार्रवाई करते हुए बैरिकेड पर रिफ्लेक्टिव टेप और बल्ली लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। बैरिकेड को मजबूती से सीमेंट में जाम किया गया है ताकि वह तेज हवा या टक्कर में गिर न सके। साथ ही क्रॉस रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर रात में दृश्यता बढ़ाने की कोशिश की गई है।

सुरक्षा इंतजाम नदारद, चेतावनी बोर्डों का अभाव

नेशन न्यूज18 की पड़ताल में खुलासा हुआ कि किसान चौक के चारों तरफ आने वाले रास्तों—बिसरख, एक मूर्ति गोलचक्कर, तिगरी और पर्थला पुल—पर निर्माण कार्य के चेतावनी बोर्ड नहीं लगे थे। केवल गोलचक्कर पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसके अलावा, अधिकांश बैरिकेड पर रिफ्लेक्टर भी नहीं लगे थे, जिससे रात के समय हादसे की आशंका बढ़ जाती है।

शॉर्टकट से बढ़ रहा खतरा

गोलचक्कर के चारों ओर शटरिंग, सरिया और अन्य निर्माण सामग्री फैली हुई है। बैरिकेडिंग कई जगहों से टूटी है और बाइक सवार शॉर्टकट मारने के चक्कर में सीधे निर्माणाधीन क्षेत्रों में घुस जाते हैं। हादसे वाली रात भी अंकुर और कशिश तिगरी की ओर से आ रहे थे और तेज रफ्तार में मोड़ नहीं ले पाने के कारण सीधे लोहे की रेलिंग से टकरा गए।

बाइक थी कर्नाटक में रजिस्टर्ड

डुकाटी स्क्रैम्बलर बाइक अंकुर के नाम पर पंजीकृत थी, जिसे उसने मई 2023 में खरीदा था। रजिस्ट्रेशन कर्नाटक का है क्योंकि अंकुर पहले वहीं नौकरी करता था। बाइक का प्रदूषण प्रमाणपत्र भी मई 2023 में समाप्त हो चुका था। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस का मानना है कि अगर दोनों हेलमेट लगाए होते, तो शायद जान बच सकती थी।

ट्रैफिक पुलिस ने दिए बयान

इंस्पेक्टर प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद बैरिकेडिंग को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। बल्ली लगाकर उसे स्थिर किया गया है और रिफ्लेक्टिव टेप से दृश्यता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अब कॉल डिटेल के माध्यम से यह भी जांच कर रही है कि हादसे से पहले दोनों कहां गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *