केपीएल लीग के 15वें संस्करण में गौरा की टीम बनी चैंपियन, फाइनल में मऊआइमा को 19 रनों से हराया
Published by: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

ब्यूरो रिपोर्ट
गौरा। कोठरा सुपर प्रीमियर लीग (केपीएल) के 15वें संस्करण का खिताब इस वर्ष गौरा की टीम ने अपने नाम कर लिया। रविवार को कोठरा के मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में गौरा ने मऊआइमा की टीम को 19 रनों से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गौरा की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 142 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 16 गेंदों पर 7 छक्के और 2 चौकों की मदद से 56 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसके अलावा राहुल ने 24 रन, विकास ने 6 गेंदों में तेजतर्रार 26 रन और रवि दुबे ने 19 रनों का योगदान दिया। मऊआइमा की ओर से गेंदबाजी में अब्दुल्ला ने 2 विकेट जबकि शिवम ने 1 विकेट हासिल किया।
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मऊआइमा की टीम संघर्ष के बावजूद 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। टीम की ओर से शिवम यादव ने 44 रन और सत्येंद्र यादव ने 20 रनों की पारी खेली। गौरा की घातक गेंदबाजी के आगे मऊआइमा के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। गेंदबाजी में राहुल यादव ने 2 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए, वहीं आंशिक सरोज ने 16 रन देकर 3 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह गौरा की ओर मोड़ दिया।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए राहुल यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के लिए आदित्य सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता टीम गौरा को ₹31,000 और उपविजेता मऊआइमा को ₹21,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रमुख श्यामू ओझा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्कोरर शुभम पांडेय, कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाने वाले निराला दुबे व अमित शुक्ला, कोषाध्यक्ष आशुतोष पांडेय, अध्यक्ष धीरेंद्र पाण्डेय सहित अंकित, शशिकांत दुबे, कप्तान मिश्रा, मुन्ना तिवारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए कोठरा के मैदान पर हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे, जिन्होंने रोमांचक मैच का भरपूर आनंद लिया और विजेता टीम गौरा का उत्साहवर्धन किया।



