पिछले 33 वर्षों से सज रहा है माँ का पांडाल, हो रही माँ की आराधना
Published by: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

फतनपुर (प्रतापगढ़)। स्थानीय बाजार फतनपुर में इस बार भी माँ दुर्गा का भव्य पांडाल सजा है। विशेष बात यह है कि आदर्श दुर्गा पूजा समिति द्वारा यह परंपरा पिछले 33 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है।
वर्ष 1992 में इस समिति की स्थापना गौरा पूरेबदल (चन्द्रौटा) निवासी स्कंद कुमार तिवारी ने की थी। तब से लेकर आज तक समिति के सदस्य निष्ठा और आस्था के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। माँ की प्रतिमा की पूजा-अर्चना प्रतिवर्ष पुजारी हंसराज तिवारी द्वारा विधि-विधान से की जाती है।
पूजा पांडाल को आधुनिक झालरों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। माँ की प्रतिमा की भव्य झांकी बाजारवासियों को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कर रही है। पूजा के साथ-साथ समिति की ओर से हर साल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हैं।
पूजा समिति के पदाधिकारियों और बाजार के लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। हर वर्ग और आयु के लोग इस पूजा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
33 वर्षों से निरंतर चल रही यह परंपरा आज फतनपुर बाजार की पहचान बन चुकी है। नवरात्र के दौरान पूरा क्षेत्र माँ की भक्ति और जयकारों से गूंज उठता है।



