उत्तर प्रदेश

मुरादनगर में बेखौफ बदमाशों की लूट, महिला से छीने सोने के कुंडल

रिपोर्ट : हैदर खान

मुरादनगर थानाक्षेत्र के गांव नेकपुर में बुधवार सुबह हुई सनसनीखेज लूट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर के बाहर बैठी कमलेश देवी नाम की महिला से दो बदमाशों ने सोने के कुंडल छीन लिए, जिसके दौरान महिला का कान फट गया और वह लहूलुहान हो गई। बदमाश पैदल ही मौके से फरार हो गए, जो दर्शाता है कि पुलिस का खौफ बदमाशों में बिल्कुल नहीं है। रावली चौकी क्षेत्र में पहले भी कई बड़ी चोरियां और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, फिर भी चौकी इंचार्ज द्वारा सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह फेल साबित हुए हैं।

घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब नेकपुर निवासी मामचंद की पत्नी कमलेश देवी अपने घर के बाहर बैठी थीं। दो बदमाश पैदल आए और महिला के कान से सोने के कुंडल खींच लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने कमलेश को धक्का दिया, जिससे उनका कान फट गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बदमाश तब तक पैदल ही फरार हो चुके थे। सूचना डायल 112 पर दी गई, पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का अपराधियों में खौफ नहीं

इस घटना ने रावली चौकी की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी को स्पष्ट कर दिया है। बदमाशों का बेखौफ होकर पैदल लूट को अंजाम देना और फिर आसानी से फरार हो जाना इस बात का प्रमाण है कि पुलिस का डर अपराधियों में खत्म हो चुका है। रावली चौकी क्षेत्र में पहले भी कई बड़ी चोरियां और लूट की वारदातें हो चुकी हैं, जिनमें प्रभावी कार्रवाई का अभाव रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी इंचार्ज ने न तो नियमित गश्त को बढ़ाया और न ही क्षेत्र में निगरानी तंत्र को मजबूत किया।

लोगों में आक्रोश, जवाबदेही की मांग

स्थानीय निवासियों में रावली चौकी की निष्क्रियता को लेकर गहरा आक्रोश है। एक ग्रामीण ने कहा, “चौकी क्षेत्र में बार-बार चोरियां और लूट हो रही हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ खानापूर्ति करती है। रावली चौकी इंचार्ज को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।“ लोग क्षेत्र में नियमित गश्त, और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *