मोहननगर तिराहा पर कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा, पुलिस अधिकारियों ने जताया सम्मान
रिपोर्ट :दीपक मिश्रा
गाजियाबाद (दीपक मिश्रा) :गाजियाबाद के मोहननगर तिराहे पर कांवड़ यात्रा के दौरान एक भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। अपर पुलिस आयुक्त (अपराध एवं कानून-व्यवस्था) आलोक प्रियदर्शी, एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव और थाना साहिबाबाद प्रभारी योगेंद्र सिंह ने कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिवादन किया।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की पवित्र यात्रा की सफलता की कामना करते हुए उनकी सेवा में तत्परता दिखाई। कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम द्वारा मौके पर पैदल गश्त भी की गई। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की इस सराहनीय पहल से न केवल कांवड़ियों का मनोबल बढ़ा, बल्कि यात्रा के दौरान समर्पण और सुरक्षा का संदेश भी लोगों तक पहुँचा।



