तलोजा जेल में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी ने की आत्महत्या
Published by धर्मेंद्र शर्मा
मुंबई (सुनील गुप्ता): महाराष्ट्र के कल्याण में नाबालिग लड़की के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी विशाल गवली ने रविवार तड़के तलोजा सेंट्रल जेल में आत्महत्या कर ली। जेल अधिकारियों के अनुसार, गवली ने सुबह करीब 3:30 बजे शौचालय में तौलिया से फांसी लगाई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया गया है।
तलोजा जेल प्रशासन ने जानकारी दी कि 35 वर्षीय विशाल गवली पिछले साढ़े तीन महीने से जेल में बंद था। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को बुलाया गया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की गई। खारघर पुलिस स्टेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
क्या है मामला?
विशाल गवली पर दिसंबर 2024 में कल्याण के कोलसेवाड़ी इलाके में 12 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। पुलिस के मुताबिक, 24 दिसंबर को बच्ची लापता हो गई थी और कुछ दिन बाद उसका शव ठाणे ग्रामीण पुलिस क्षेत्र के बापगांव गांव में मिला था।
कोलसेवाड़ी पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया था कि गवली ने फिरौती के लिए बच्ची का अपहरण किया था। बाद में उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, इस अपराध में उसकी पत्नी साक्षी गवली ने भी उसका साथ दिया था। साक्षी ने शव को ठिकाने लगाने में मदद की थी।
948 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल
इस जघन्य अपराध के सिलसिले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत गवली और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। फरवरी 2025 में कल्याण पुलिस ने अदालत में 948 पन्नों का विस्तृत आरोपपत्र दाखिल किया था।
विशाल गवली की आत्महत्या से अब इस मामले में कानूनी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। पुलिस और जेल प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



