प्रतापगढ़

गौहत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पूर्व विधायक धीरज ओझा का देल्हूपुर थाने पर घेराव, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

ब्यूरो रिपोर्ट
बेल्हा। प्रतापगढ़ जनपद के देल्हूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसंडा गांव में तीन गौ माताओं की निर्मम हत्या के मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर आज पूर्व विधायक धीरज ओझा अपनी टीम और समर्थकों के साथ देल्हूपुर थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
पूर्व विधायक धीरज ओझा ने कहा कि घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि या तो पुलिस इस गंभीर मामले में लापरवाही बरत रही है या फिर गौ हत्यारों को किसी न किसी स्तर पर संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गौहत्या केवल एक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला है। यदि समय रहते दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई और मामले में जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पूर्व विधायक धीरज ओझा ने थाने में तैनात एक सिपाही की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह पूरा अवैध कृत्य उसकी जानकारी में चल रहा था। यदि जांच में उसकी संलिप्तता या गौ तस्करों को संरक्षण देने की बात सामने आती है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि योगी सरकार में कानून का राज है और गौ माता की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोषी चाहे वर्दी में हो या बिना वर्दी के, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पूर्व विधायक ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाए, अन्यथा जनआंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।
घेराव की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ, लेकिन क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *