मुरादनगर की बेटी सामिया नाज ने शूटिंग में गाड़े सफलता के झंडे, नेशनल राइफल शूटिंग के लिए किया क्वालीफाई
रिपोर्ट : अबशार उलहक

मुरादनगर: उत्तर प्रदेश के मुरादनगर की रहने वाली होनहार खिलाड़ी सामिया नाज ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से खेल जगत में क्षेत्र का मान बढ़ाया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित हो रही नेशनल राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में सामिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मरहूम अब्दुल हमीद की पोती सामिया नाज की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे जिले में खुशी का माहौल है और लोग इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी गौरव की बात मान रहे हैं।
सामिया वर्तमान में ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा हैं। अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में इतनी बड़ी सफलता हासिल कर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं। सामिया ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार के सहयोग और अपने कोच के मार्गदर्शन को दिया है।