मुरादनगर पुलिस की हुई सराहना: साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए व्यक्ति के ₹61,000 कराए वापस
रिपोर्ट : अबशार उलहक

गाजियाबाद/मुरादनगर: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाते हुए साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पीड़ित की मेहनत की कमाई वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। मामला मुरादनगर क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित के ₹61,000 की राशि रिकवर की है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित दर्शन नारंग एक वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो गए थे, जिसमें उनके खाते से ₹61,000 की अवैध निकासी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत स्थानीय पुलिस और पाइपलाइन चौकी (Pipeline Chauki) में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलते ही मुरादनगर थाना प्रभारी (SHO) अंकित चौहान के निर्देश में पाइपलाइन चौकी प्रभारी असद अली ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी टीम के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रभावी हस्तक्षेप के कारण फ्रॉड की गई पूरी राशि सुरक्षित रिकवर कर ली गई।
पीड़ित ने सोशल मीडिया पर जताया आभार
अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर दर्शन नारंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से SHO अंकित चौहान और असद अली की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए लिखा:
मैं वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में मेरे ₹61,000 की वसूली में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तहे दिल से धन्यवाद देता हूँ। समय पर मदद और सहयोग के लिए असद अली (पाइपलाइन चौकी) और एसएचओ अंकित चौहान (मुरादनगर) की विशेष सराहना।
बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के बीच राहत
मुरादनगर थाना प्रभारी अंकित कुमार ने कहा कि आज के डिजिटल युग में जहाँ साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं पुलिस की ऐसी तत्परता जनता में सुरक्षा और विश्वास का भाव जगाती है। इसलिए किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 (साइबर हेल्पलाइन) पर कॉल करें या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।



