प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता—फतनपुर थाना पुलिस ने 6 जिंदा देसी बम के साथ अभियुक्त को दबोचा, थाना प्रभारी फतनपुर के अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही जारी
Published by : ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के सख्त निर्देशों पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना फतनपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 06 जिंदा देसी बम के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
थाना फतनपुर पुलिस टीम को मुखबिर सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति नाजायज विस्फोटक सामग्री के साथ चन्देलेपुर गेट के पास बिजली के पोल के समीप मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से छः (06) जिंदा देसी बम बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त पर जनपद प्रतापगढ़ के रानीगंज एवं फतनपुर थानों में छेड़छाड़, आबकारी अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम, मारपीट एवं धमकी जैसी गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह व्यक्ति लगातार पुलिस की निगरानी में था और उसकी गतिविधियों के चलते उसकी तलाश जारी थी।
थाना प्रभारी फतनपुर ने बताया कि क्षेत्र में अवैध विस्फोटक, असलहे तथा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी है। किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फतनपुर पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र में सुरक्षा व विश्वास का माहौल और मजबूत किया है। अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।



