प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता – चोरी के अभियोग से संबंधित 02 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नकदी बरामद
बेल्हा/प्रतापगढ़:ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
प्रतापगढ़। कोतवाली नगर पुलिस ने बीते दो माह पूर्व हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे कॉलोनी चोरी कांड में शामिल आरोपी जिरियामऊ पुल के पास किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से बरामदगी के दौरान एक ओप्पो मोबाइल (ब्लैक रंग का) और ₹1210 नगद प्राप्त हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि करीब दो माह पूर्व रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में वही शामिल थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी में मिले जेवरात को बेचकर रुपये उड़ा दिए गए, जबकि कुछ सामान उनके पास ही था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष की लहर है। आमजन ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।



