
प्रतापगढ़। जनपद के थाना अंतू क्षेत्र के बझान गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां किशोरी तमन्ना पुत्री हारून (उम्र लगभग 16 वर्ष) ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही थाना अंतू पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजनों के अनुसार किशोरी ने किस मानसिक स्थिति में यह कदम उठाया, इसका कोई ठोस कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस कुछ व्यक्तिगत तथा पारिवारिक बिंदुओं पर भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।



