उत्तर प्रदेश

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने छात्रों को किया प्रेरित, कहा- ‘AI और रोबोटिक्स से साकार करें विकसित भारत 2047 का सपना’

Published by धर्मेंद्र शर्मा

ग्रेटर नोएडा ( धर्मेंद्र शर्मा): जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने रविवार को गलगोटिया यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स के सदुपयोग के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ‘उत्तर प्रदेश में अध्ययनरत युवाओं के तकनीकी सशक्तिकरण हेतु टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरण योजना 2024-25’ के तहत करीब 350 छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित धीरेन्द्र सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी विकसित भारत 2047 के संकल्प को आपके माध्यम से साकार करना चाहते हैं। भारत की संस्कृति शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रही है। प्राचीन काल में नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय शिक्षा के गौरव केंद्र थे, जहां दुनियाभर से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते थे।”

छात्रों से बातचीत करते हुए विधायक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि “AI तकनीक का शिक्षा क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है। वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रोबोट विकसित किया है जो ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले छात्रों को पारंपरिक कक्षाओं के छात्रों से बेहतर जुड़ने और समझने में मदद करेगा।”

धीरेन्द्र सिंह ने युवाओं से देश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा, “देश के असंख्य बलिदानियों ने भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका सपना था कि भारत फिर से विश्वगुरु बने और दुनिया का सबसे ताकतवर व समृद्ध राष्ट्र बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी सपने को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।”

कार्यक्रम में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सीईओ डॉ. ध्रुव गलगोटिया भी उपस्थित रहे। संचालन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नितिन कुमार ने किया। छात्रों में कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा गया और तकनीकी उपकरण पाकर उन्होंने अपनी भविष्य की पढ़ाई में नई ऊर्जा का संचार महसूस किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *