उत्तर प्रदेश

भारत उत्कर्ष महायज्ञ के छठे दिन रामकथा में हुआ राम–सीता विवाह

रिपोर्ट : धर्मेंद्र शर्मा

नोएडा, महर्षि नगर, सेक्टर–110 महर्षि महेश योगी संस्थान द्वारा आयोजित 108 कुण्डीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ के छठे दिन का आयोजन आध्यात्मिक उत्साह और सांस्कृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रहा। रामलीला मैदान में चल रही भव्य रामकथा में आज पूज्य श्री राघवाचार्य जी महाराज ने श्रीराम–सीता विवाह का पावन प्रसंग सुनाया। द्वापर और त्रेता की दिव्य कथाओं से सजे इस विवाह प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्तिमय वातावरण में ढोल–नगाड़ों, वैदिक मंत्रध्वनि और पुष्पवर्षा के साथ यह पावन कथा चरम पर पहुँची।

‎दोपहर में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के अध्यक्ष श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्री राहुल भारद्वाज, तथा ध्यान शिक्षिका अजया श्रीवास्तव और अमृता श्रीवास्तव उपस्थित रहे। प्रेस प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने भारत उत्कर्ष महायज्ञ के उद्देश्यों, स्वरूप और आने वाले दिनों की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

‎अध्यक्ष श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक पुनरुत्थान और राष्ट्रीय एकता का महा अभियान है। उपाध्यक्ष श्री राहुल भारद्वाज ने कहा कि इस महायज्ञ में प्रतिदिन अलग-अलग वैदिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, आध्यात्मिक प्रवचन और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऊर्जा से जुड़ सकें।

‎प्रेस वार्ता के दौरान यह भी बताया गया कि महायज्ञ में दर्शनार्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और 25 नवंबर तक कई विशेष अनुष्ठानों, रामकथा के महत्वपूर्ण प्रसंगों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सभी से इस आध्यात्मिक–सांस्कृतिक महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।

‎भारत उत्कर्ष महायज्ञ में प्रवेश निःशुल्क है और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहाँ आकर दिव्य वातावरण का लाभ उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *