उत्तर प्रदेश

फतनपुर पुलिस ने महिला की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने वाले युवक को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद

Published by: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

फतनपुर।जनपद प्रतापगढ़ के थाना फतनपुर क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी युवक अखिलेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट (आलाकत्ल) भी बरामद की गई है।

घटना का विवरण

दिनांक 17 अक्टूबर 2025 की शाम को वादी की पत्नी अचानक घर से बाहर गई और देर रात तक वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो वादी के भाई को महिला का शव घर के पास खेत में बने एक कुएँ में पड़ा मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

वादी द्वारा थाने में दी गई तहरीर और पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर शक की सुई पड़ोसी अखिलेश पटेल पुत्र रामबहादुर पटेल निवासी सुरवामिश्रपुर (पंडित का पूरा), थाना फतनपुर, जनपद प्रतापगढ़, की ओर गई। बताया गया कि अखिलेश ने मृतका को फोन कर बुलाया और किसी विवाद के चलते उसकी हत्या कर शव को कुएँ में फेंक दिया।

इस पर थाना फतनपुर में मु.अ.सं. 251/2025, धारा 103 (1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था

पुलिस की सक्रियता और गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री शैलेन्द्र लाल एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना फतनपुर प्रभारी राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त हत्या का अभियुक्त नारायनपुर कला नहर पुलिया के पास मौजूद है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर अभियुक्त अखिलेश पटेल (उम्र लगभग 20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त का खुलासा

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह चित्रकूट में रहकर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करता है। मृतका उसके पड़ोस में रहती थी और उसके खेत में अधिया पर खेती करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए।

अभियुक्त ने आगे बताया कि जब उसके परिवार वाले उसकी शादी की बात करने लगे तो मृतका ने उसे धमकाना शुरू कर दिया कि अगर उसने किसी और से शादी की तो वह उसे बलात्कार के झूठे मुकदमे में फँसा देगी।

अखिलेश ने बताया कि इसी धमकी से परेशान होकर उसने महिला से छुटकारा पाने की ठान ली और 17 अक्टूबर की शाम को उसे बुलाकर सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी। बाद में शव को कुएँ में फेंककर मौके से फरार हो गया।

बरामदगी

अभियुक्त की निशानदेही पर मेडुआडीह जाने वाले मार्ग पर कुएँ के पास स्थित धान के खेत से हत्या में प्रयुक्त

01 अदद सम्मा ईंट एवं

01 अदद अद्धा ईंट

बरामद की गई।

पुलिस टीम का विवरण

गिरफ्तारी और बरामदगी की इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

थाना प्रभारी फतनपुर राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी

उपनिरीक्षक रामकुमार सिंह

उपनिरीक्षक राहुल कुमार

कांस्टेबल शिवम यादव

कांस्टेबल अभिषेक सिंह

कांस्टेबल सुनील यादव

कांस्टेबल ओमप्रकाश पाल

इन सभी पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस का बयान:

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने बताया कि महिला की हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त को जेल भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *