रानीगंज में मूर्ति विसर्जन के बाद बड़ा हादसा, करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
Published by: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के बाद देर रात बड़ा हादसा हो गया। डीजे से साउंड बॉक्स उतारते समय हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, विजय कुमार (35 वर्ष, पुत्र दुखीराम) मूर्ति विसर्जन के बाद डीजे पर रखा साउंड बॉक्स उतार रहे थे। इसी दौरान डीजे के पास से गुजर रही 11 हजार केवीए की हाईटेंशन लाइन उनके संपर्क में आ गई। करंट की चपेट में आने से विजय झुलसकर नीचे गिर पड़े।
नीचे खड़े सनी (18 वर्ष, पुत्र मनोज कुमार) ने विजय को बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को रानीगंज ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में आक्रोश:
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह हादसा हुआ वहां से हाईटेंशन विद्युत लाइन काफी नीचे लटक रही थी, जिसकी ऊँचाई महज़ 10 से 12 फीट रह गई थी। इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे के बाद गांव के लोग बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हैं।
मौके पर हड़कंप:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत लाइन की ऊँचाई और व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
👉 मूर्ति विसर्जन के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



