नोएडा में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में एआई लैब का शुभारंभ
Published by: धर्मेंद्र शर्मा

नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा कैंपस के महर्षि स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में अत्याधुनिक एआई (Artificial Intelligence) लैब का शुभारंभ किया गया। इस नई पहल का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने विधिवत किया।
नव स्थापित लैब में अत्याधुनिक तकनीकों से युक्त 30 AI Enabled कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए हैं, जो छात्रों को न सिर्फ कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नई-नई तकनीकों को सीखने का अवसर देंगे, बल्कि उन्हें प्रयोग और प्रोजेक्ट विकास में भी मदद करेंगे। यह लैब छात्रों को रिसर्च, इनोवेशन और इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स विकसित करने की दिशा में एक मजबूत प्लेटफॉर्म प्रदान करेगी।
उद्घाटन समारोह में यूनिवर्सिटी के संस्थापक महानिदेशक ग्रुप कैप्टन प्रो. ओ.पी. शर्मा, डीन अकादमिक डॉ. तृप्ति अग्रवाल सहित सभी फैकल्टी सदस्य, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि – “एआई भविष्य की तकनीक है, और हमें गर्व है कि महर्षि यूनिवर्सिटी अपने छात्रों को समय से पहले इस क्षेत्र में सक्षम बना रही है। यह लैब न सिर्फ शिक्षा को तकनीकी दृष्टि से मजबूत करेगी बल्कि छात्रों को शोध और रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी।”
वहीं, संस्थापक महानिदेशक ग्रुप कैप्टन प्रो. ओ.पी. शर्मा ने कहा कि इस लैब के माध्यम से छात्र वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु एआई बेस्ड प्रोजेक्ट्स बना सकेंगे। उन्होंने छात्रों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने और इनोवेशन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
एआई लैब का शुभारंभ महर्षि यूनिवर्सिटी की तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है, जिससे यहां के विद्यार्थी भविष्य की डिजिटल क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।