चोरी की नियत से घर में घुसे अज्ञात चोर ने धारदार हथियार से महिला पर किया हमला
Published by: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

गौरा।प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के नाथ का पूरा मसौली गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात नकाबपोश बदमाश ने संजू यादव (उम्र 22 वर्ष), जो शुभम यादव की पत्नी हैं, पर बर्बर हमला कर दिया। घटना के अनुसार, संजू यादव घर में काम कर रही थीं। सामान लेने के लिए उन्हें छत पर जाना पड़ा। जैसे ही वह छत पर पहुंचीं, एक नकाबपोश व्यक्ति पहले से घात लगाए बैठा था। उसने अचानक महिला पर हमला बोल दिया और उनका मुँह दबा लिया।
महिला ने किसी तरह संघर्ष कर मुँह छुड़ाया और जोर-जोर से शोर मचाया। घर के अन्य सदस्य दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तो बदमाश ने महिला के शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से वार किए और साथ ही कुछ केमिकल छिड़क दिया। इस हमले के कारण संजू यादव बेसुध होकर छत पर गिर पड़ीं और उनके हाथ से खून बह रहा था। घरवाले महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। महिला की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसके मुख के अंदर गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं, इस घटना के एक दिन पूर्व ही अज्ञात चोरों ने महिला के घर का दरवाजा तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। हालांकि घर वालों की सतर्कता के कारण कोई सामान चोरी नहीं हो पाया। दूसरी वारदात में भी रात्रि लगभग 3:30 बजे दो चोर चोरी की फिराक में घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन परिवार की सजगता ने उन्हें नाकाम कर दिया।
इस पूरी घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने फतनपुर थाना पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। पुलिस ने प्राथमिक तौर पर आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द घटना स्थल का निरीक्षण कर आरोपी की गिरफ्तारी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अज्ञात बदमाश की कोई पहचान नहीं हो सकी है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश व्याप्त है। महिला के स्वास्थ्य सुधार की कामना की जा रही है, वहीं परिवार जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहा है।



