प्रतापगढ़ के युवा दरोगा की सड़क दुर्घटना में मौत,पुलिस परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर
Published by - ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
बेल्हा। प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में एक दुखद सड़क हादसे में आरटीओ ऑफिस चौकी इंचार्ज एवं उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के 2019 बैच के दरोगा राजन बिंद निधन हो गया। यह घटना उनके घर से कुछ ही दूरी पर घटित हुई। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले उन्होंने अवकाश लेकर घर आए थे, लेकिन दुर्भाग्यवश अचानक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। राजन कुमार बिंद भदोही जिले के निवासी थे और अपनी कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए जाने जाते थे। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व एवं कार्य के प्रति समर्पण हमेशा सहयोगियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा। उनके असामयिक निधन से अंतू थाना के पुलिसकर्मियों में भारी शोक की लहर दौड़ गई है। सभी पुलिसकर्मी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया। वरिष्ठ अधिकारीयों ने कहा कि उ0नि0 राजन कुमार बिंद एक मेहनती, जिम्मेदार एवं सर्मपित अधिकारी थे, जिनकी युवावस्था में ही यह अप्रत्याशित मृत्यु प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया। पुलिस विभाग एवं स्थानीय समाज के लोग उनके असामयिक निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई और दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई।उ0नि0 राजन कुमार बिंद की सेवा भाव एवं कार्यकुशलता हमेशा याद की जाएगी। उनके परिजनों के प्रति समस्त प्रतापगढ़ पुलिस परिवार संवेदना व्यक्त करता है।




