उपनिरीक्षक व पीएसी भर्ती: डीवीपीएसटी में स्नातक की डिग्री अनिवार्य
Published by :दीपांशु तिवारी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, पीएसी तथा विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) में प्लाटून कमांडर के 4543 पदों पर सीधी भर्ती के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज़ों की स्क्रूटनी और शारीरिक मानक परीक्षा (DVPST) के दौरान सभी अभ्यर्थियों को अपनी मूल स्नातक डिग्री प्रस्तुत करनी होगी।
बोर्ड के अपर सचिव के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया के दौरान स्नातक की अंकतालिका अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास स्नातक की उपाधि (डिग्री) उपलब्ध नहीं है, तो वह इसके स्थान पर औपबंधिक (प्रोविजनल) स्नातक उपाधि अपलोड कर सकता है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों के पास प्रोविजनल डिग्री भी नहीं है, उन्हें अपनी अंकतालिकाएं अपलोड करनी होंगी।
बोर्ड ने साफ किया है कि भर्ती की पारदर्शिता और योग्यता सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। साथ ही उम्मीदवारों को समय रहते अपने शैक्षिक दस्तावेज़ तैयार रखने की सलाह दी गई है ताकि डीवीपीएसटी के दौरान किसी प्रकार की दिक़्क़त न हो।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में युवा पुलिस सेवा में शामिल होने का सपना लेकर तैयारी कर रहे हैं। बोर्ड के इस ताज़ा निर्देश ने स्थिति को स्पष्ट कर दिया है कि अंतिम चरण में अभ्यर्थियों को स्नातक स्तर की योग्यता का प्रमाण किसी भी रूप में प्रस्तुत करना ही होगा।



