कासना में दहेज के लिए बहू को जिंदा जलाया, मासूम के सामने मचाई हैवानियत – थाने का घेराव, न्याय की गुहार
रिपोर्ट : चमन सिंह
ग्रेटर नोएडा। दिल दहला देने वाली वारदात में कासना क्षेत्र में एक मासूम बच्चे की आंखों के सामने उसकी मां को पति और सास ने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। दहेज की भूख में इंसानियत को तार-तार कर देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
शनिवार को घटना के बाद जब पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई न होते देखी गई तो गुस्साए परिजन और ग्रामीण हजारों की संख्या में जमा हो गए। “जस्टिस फॉर निक्की बहन” के बैनर तले भीड़ ने थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
मृतका की बहन ने बताया – “मेरी बहन को दहेज के लिए रोज पीटा जाता था। कई बार उसने फोन कर अपनी पीड़ा सुनाई। कल तो मासूम बेटे के सामने उसे आग के हवाले कर दिया गया। आखिर क्यों बेटी को जानवरों की तरह जिंदा जला दिया?”
भीड़ के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि प्रदर्शनकारी तब तक शांत नहीं हुए जब तक कि कठोर कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला।
इस हैवानियत से इलाके में गुस्से की लहर है। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे जल्लाद पति और सास को फांसी से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए।
दहेज की आग में बेटी की चीखें पूरे समाज के लिए सवाल छोड़ गई हैं – आखिर कब तक मासूम बेटियां जलती रहेंगी?



