गाजियाबाद : भीषण गर्मी ने मुरादनगर को अपनी चपेट में ले लिया है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, और लू की थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है, दुकानें खाली हैं, और जनजीवन ठप पड़ गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है।
बाजारों पर गर्मी की मार
मुरादनगर के गुलजार बाजार अब सुनसान नजर आ रहे हैं। दोपहर में दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रह जाते हैं। स्थानीय दुकानदार मिल्लत खान ने बताया, “गर्मी इतनी है कि लोग दोपहर में बाहर नहीं निकल रहे। बिजनेस ठप पड़े हुए है। बाजारों से ग्राहक गायब हैं।”
अस्पतालों में मरीजों की भीड़
लू और डिहाइड्रेशन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मुरादनगर के स्वास्थ्य केंद्रों व प्राइवेट अस्पतालों में बुखार, त्वचा रोग और सिरदर्द की शिकायतें आम हो गई हैं। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि “लू से बचने के लिए धूप में कम निकलें, खूब पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें।”
बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
भीषण गर्मी के साथ-साथ इलाके में काफी जगह बिजली कटौती ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। स्थानीय निवासी ने कहा कि “दिन में घंटों बिजली गुल रहती है। कूलर-पंखे बंद होने से घर में रहना मुश्किल हो गया है।” रात में भी गर्मी से नींद गायब है, जिससे लोग परेशान हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने गाजियाबाद और एनसीआर में लू और भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि जून के अंत में मानसून आने तक राहत की उम्मीद कम है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे धूप से बचें और हाइड्रेटेड रहें।
प्रशासन की कोशिशें
स्थानीय प्रशासन ने जगह-जगह प्याऊ लगाए हैं और जागरूकता अभियान चला रहा है, लेकिन बिजली और पानी की किल्लत की शिकायतें थम नहीं रही।
बचाव के टिप्स
– दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
– खूब पानी, नींबू पानी और ओआरएस पिएं।
– हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
– बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।



