मुरादनगर में विद्युत चेकिंग के दौरान पुलिस कांस्टेबल पर कुत्ते का हमला, एक गिरफ्तार
रिपोर्ट : हैदर खान
गाजियाबाद: 26 जुलाई 2025 को गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में विद्युत चेकिंग के दौरान एक गंभीर घटना ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को हिलाकर रख दिया। चुंगी नंबर 3, पाइपलाइन रोड, मोहल्ला तेलियान में बकाया बिल जमा करने और विद्युत संयोजन की जांच के लिए पहुंची प्रवर्तन दल की टीम पर एक पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने हमला कर दिया, जिसमें पुलिस कांस्टेबल अमर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
आपको बता दे कि मुरादनगर के तेलियान मौहल्ले में प्रवर्तन दल की प्रभारी महिला निरीक्षक मनु कुमारी के नेतृत्व में विद्युत विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम, जिसमें जे.ई. संजय कुमार, जे.ई. संदीप कुमार, उप-निरीक्षक रिछीपाल सिंह, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, विकास कुमार, मोनिका राठी, कांस्टेबल मोहित कुमार, अमर सिंह और लाइनमैन शानू, सादाब, वसीम, अरसद शामिल थे, वो शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे यूसुफ सैफी के मकान पर पहुंची। यह चेकिंग अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार के आदेश पर की जा रही थी।
मकान पर मौजूद राशिद, पुत्र मोहम्मद उमर ने विद्युत चेकिंग का विरोध शुरू कर दिया। टीम ने अपना परिचय देकर चेकिंग का कारण बताया और परिसर में प्रवेश की अनुमति मांगी, लेकिन राशिद ने न केवल विरोध किया, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अपने पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते को खोल दिया। इस कुत्ते ने कांस्टेबल अमर सिंह पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनकी वर्दी फट गई और उनका मोबाइल फोन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टीम ने बार-बार राशिद से कुत्ते को रोकने और नियंत्रित करने की अपील की, लेकिन उसने कोई सहयोग नहीं किया। इसके बाद राशिद ने मकान मालिक जावेद, पुत्र स्व. यूसुफ, को मौके पर बुलाया। आरोप है कि जावेद ने भी चेकिंग दल के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। स्थिति बिगड़ने पर घायल कांस्टेबल अमर सिंह को तुरंत कांस्टेबल मोहित कुमार और लाइनमैन शानू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरादनगर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राशिद को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले जाया गया। पुलिस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।



