साहित्यकार अर्पित सर्वेश को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी ने किया सम्मानित
ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
बेल्हा। जनपद प्रतापगढ़ में आम आदमी पार्टी कार्यालय पर रविवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बहुभाषी युवा लेखक, विश्व रिकॉर्डधारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले साहित्यकार अर्पित सर्वेश को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम न केवल एक साहित्यकार का सम्मान था, बल्कि युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने वाला ऐतिहासिक अवसर भी रहा।
समारोह में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की पूर्व प्रदेश प्रभारी श्रीमती नीलम श्रीवास्तव और वर्तमान प्रदेश प्रभारी श्री अनिल कोरी ने अर्पित सर्वेश को पुष्पमाला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और सम्मान पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। दोनों नेताओं ने अर्पित की साहित्यिक उपलब्धियों, बहुभाषी रचनात्मकता और समाज के प्रति उनकी लेखनी के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी प्रतापगढ़ के जिला अध्यक्ष श्री दिनेश उपाध्याय, जिला महासचिव श्री भास्कर त्रिपाठी, विश्वनाथगंज विधानसभा अध्यक्ष श्री पंकज पाल, वरिष्ठ पदाधिकारी श्री बृहस्पति पांडे सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अर्पित सर्वेश जैसे युवा न केवल साहित्य के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक चेतना और जन-जागरण के माध्यम से भी परिवर्तन का वाहक बन सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने अर्पित के सम्मान को गर्व का विषय बताया। यह सम्मान समारोह राजनीति और साहित्य के समन्वय का एक अनुपम उदाहरण बना, जहाँ साहित्य की कलम और जनसेवा की भावना एक साथ मंच साझा करते नजर आए।
अपने संबोधन में अर्पित सर्वेश ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी नवोदित लेखकों और युवाओं का है जो समाज के लिए अपनी कलम को समर्पित करना चाहते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह कार्यक्रम प्रतापगढ़ के साहित्यिक इतिहास में एक प्रेरणादायक अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जिसने यह स्पष्ट कर दिया कि जब राजनीति साहित्य को सम्मान देती है, तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का विस्तार होता है।



