पूजा भाटी को बनाया गया ज़िला अध्यक्ष बुलन्दशहर, चिराग पासवान ने दी शुभकामनाएं
Published by धर्मेंद्र शर्मा
बुलन्दशहर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कमला कुमारी ने पूजा भाटी को बुलन्दशहर ज़िले की ज़िला अध्यक्ष (पश्चिम उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी किए गए नियुक्ति पत्र में पूजा भाटी की ईमानदारी, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा गया है कि वह पार्टी के हित में काम करेंगी और संगठन को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगी।
पूजा भाटी, जो कि बुलन्दशहर के नवादा गाँव की निवासी हैं, पिछले कई वर्षों से समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा ज़िला स्तर पर यह अहम जिम्मेदारी सौंपना उनके प्रयासों की मान्यता माना जा रहा है।
नियुक्ति पत्र में यह भी कहा गया है कि पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि पूजा भाटी अपने कार्यक्षेत्र में संगठन को मजबूत करेंगी और महिलाओं की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली से जारी बयान में कहा गया कि यह नियुक्ति पार्टी संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान ने भी पूजा भाटी को ज़िला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि युवा और ऊर्जावान नेतृत्व को आगे लाना पार्टी की प्राथमिकता है और पूजा भाटी जैसे समर्पित कार्यकर्ता इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पूजा भाटी ने इस सम्मान के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगी तथा समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य करेंगी।



