प्रधान पर गंभीर आरोप, पीड़ित जमीद अली को नहीं मिल रहा न्याय — धमकियों से सहमा परिवार
मान्धाता/ प्रतापगढ़: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
मान्धाता। प्रतापगढ़ जनपद के ब्लॉक मान्धाता अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर में एक पीड़ित परिवार न्याय के लिए प्रशासनिक दफ्तरों की चौखट पर चक्कर काट रहा है। ग्राम निवासी जमीद अली ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राजनीतिक दबाव के चलते उनकी सुनवाई नहीं हो रही और प्रधान द्वारा खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़ित जमीद अली ने बताया कि गांव में सरकारी नाले की खुदाई करीब दस दिन पूर्व शुरू हुई थी, लेकिन जहां नाले में पानी भरा था, वहां कोई सफाई नहीं कराई गई। उल्टा, विवादित स्थल पर स्थित उनकी निजी दीवार के पास जेसीबी चलवा दी गई, जिससे दीवार गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
उन्होंने अपनी शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस और जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थनापत्रों के माध्यम से की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जमीद अली का आरोप है कि ग्राम प्रधान राजनीतिक रसूख रखते हैं और इसी कारण प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार भयभीत है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द न्याय न मिला तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रधान की धमकियां नहीं रुकीं और पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो गांव में आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।



